कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को दून और पहाड़ों की रानी मसूरी लुभाती रहती है। प्रियंका तीन दिनी निजी दौरे के सिलसिले में शुक्रवार को दून पहुंची। रात्रि विश्राम अंतारा सीनियर लिविंग अपार्टमेंट में करने के बाद वह शनिवार सुबह मसूरी रवाना होंगी। उनके दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के चाक-चौबंद बंदोबस्त किए गए हैं। निजी दौरे की वजह से उन्होंने कांग्रेस संगठन और नेताओं से दूरी बनाई हुई है। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा का देहरादून के साथ पुराना लगाव है। उनकी स्कूलिंग वेल्हम गर्ल्स में हुई थी।
खुशनुमा आबोहवा और पुराने दिनों को याद करने प्रियंका अक्सर दून आती रहती हैं। शुक्रवार को वह दिल्ली से सड़क मार्ग से शाम करीब 5.10 बजे गुनियाल गांव स्थित अंतारा सीनियर लिविंग अपार्टमेंट पहुंची। जेड प्लस सुरक्षा घेरे में देहरादून पहुंची प्रियंका के लिए राज्य पुलिस की ओर से भी सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए। बताया जा रहा है कि बेटे रेहान और बेटी मिराया के साथ पहुंची प्रियंका रात्रि विश्राम सुविधाओं से लैस अंतारा अपार्टमेंट में ही करेंगी। रेहान प्रसिद्ध दून स्कूल के छात्र रहे हैं। शनिवार सुबह करीब आठ बजे वह सड़क मार्ग से मसूरी के लिए प्रस्थान करेंगी
