DEHRADUN NEWS

बिग ब्रेकिंग:- श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री धामी

श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत : मुख्यमंत्री

 

मुख्यमंत्री ने श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व पर आयोजित कार्यक्रम में किया प्रतिभाग, मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को गुरु गोविंद नगर, रेसकोर्स, देहरादून में गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा द्वारा श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। मुख्यमंत्री ने मत्था टेककर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं खुशहाली की कामना की। उन्होंने श्री गुरु नानक देव जी को नमन करते हुए समस्त संगत एवं प्रदेशवासियों को प्रकाश पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं संपूर्ण मानव समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने समाज में व्याप्त ऊंच-नीच, भेदभाव और अंधविश्वास के विरुद्ध आवाज उठाते हुए मानवता को प्रेम, समानता, भाईचारे और सेवा का मार्ग दिखाया। उन्होंने संदेश दिया कि ईश्वर एक है और सभी मनुष्य समान हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाएं  हमें परमात्मा का स्मरण करने, ईमानदारी से परिश्रम कर आजीविका अर्जित करने और अपनी कमाई को दूसरों के साथ साझा करने की प्रेरणा देती हैं। इन शिक्षाओं को अपने दैनिक जीवन में अपनाकर हम एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान दे सकते हैं।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख परंपरा में निहित ‘सरबत दा भला’ की भावना हमें सभी के सुख और कल्याण की कामना करना सिखाती है। श्री गुरु नानक देव जी ने संगत और लंगर की परंपरा के माध्यम से सामाजिक समानता को व्यवहार में स्थापित किया। लंगर में सभी जाति, धर्म और वर्ग के लोग एक ही पंगत में बैठकर भोजन करते हैं। यह समानता और सामाजिक समरसता का अनुपम उदाहरण है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिख गुरुओं ने संपूर्ण मानव जाति को एक समान समझने और प्रत्येक व्यक्ति का सम्मान करने की प्रेरणा दी है। सिख समाज ने सेवा, साहस और समर्पण की गौरवशाली परंपरा को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाया है। देश की सीमाओं की रक्षा, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों तथा जरूरतमंदों की सहायता में सिख समाज का योगदान अनुकरणीय है।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने सिख समाज की आस्था से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। करतारपुर साहिब कॉरिडोर के खुलने से श्रद्धालुओं के लिए दर्शन का मार्ग सुगम हुआ है।मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि उत्तराखण्ड का सिख परंपरा से गहरा आध्यात्मिक एवं ऐतिहासिक जुड़ाव रहा है। श्री गुरु नानक देव जी की यात्राओं से जुड़ी स्मृतियां प्रदेश में आज भी श्रद्धापूर्वक संजोई जाती हैं। उत्तराखण्ड में स्थित श्री हेमकुंड साहिब विश्वभर के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने गोविंदघाट से श्री हेमकुंड साहिब तक 12.4 किलोमीटर लंबे रोपवे के निर्माण को मंजूरी दी है। इस रोपवे के निर्माण से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी तथा विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग श्रद्धालुओं को सुविधा मिलेगी।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि ईमानदारी से अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना, प्रत्येक व्यक्ति के साथ सम्मानपूर्वक व्यवहार करना और जरूरतमंदों की सहायता करना ही श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का व्यावहारिक अनुसरण है। उन्होंने सभी से प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर सेवा को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा  बनाने की भावना के साथ आगे बढ़ने का संकल्प लेने का आह्वान किया।

 

इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा के प्रधान गुरबख्श सिंह राजन, महासचिव गुलजार सिंह, बलजीत सोनी, जनप्रतिनिधिगण सहित बड़ी संख्या में साध संगत उपस्थित थी।

Ad Ad

The True Fact

Author Message

अगर आपको हमारी ख़बरे अच्छी लगती हैं तो किर्पया हमारी खबरों को जरूर शेयर करें, यदि आप अपना कोई लेख या कोई कविता हमरे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे WhatsApp ग्रुप या हमें ई मेल सन्देश भेजकर साझा कर सकते हैं. धन्यवाद

E-Mail: thetruefact20@gmail.com

 

AUTHOR

Author: Pawan Rawat
Website: www.thetruefact.com
Email: thetruefact20@gmail.com
Phone: +91 98970 24402

To Top