DEHRADUN NEWS

बिग ब्रेकिंग:- विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 20 से 27 नवम्बर तक चलेगा विशेष अभियान, बीएलओ करेंगे मतदाता सूची की गहन जांच

विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के तहत 20 से 27 नवम्बर तक चलेगा विशेष अभियान, बीएलओ करेंगे मतदाता सूची की गहन जांच

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने मतदाताओं से अपने एवं परिवार के सदस्यों के नाम और विवरण की जांच करने की अपील की

 

एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नामों एवं मतदाता सूची की त्रुटियों को नियमानुसार किया जाएगा दुरुस्त

 

देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने जानकारी देते हुए बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के क्रम में उत्तराखण्ड में 01 जनवरी, 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधान सभा निर्वाचक नामावली का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसएसआर) कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

 

उन्होंने बताया कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने तथा मतदाताओं की सुविधा के दृष्टिगत 20 नवम्बर से 27 नवम्बर, 2026 तक एक सप्ताह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान प्रत्येक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की गहनता से जांच करेंगे और उसमें पाई जाने वाली त्रुटियों को चिन्हित कर संबंधित मतदाताओं के माध्यम से आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान सभा निर्वाचक नामावली में नाम सम्मिलित कराने, दर्ज विवरण में किसी भी प्रकार की त्रुटि को ठीक कराने अथवा अपात्र प्रविष्टि को हटाने के लिए 12 नवम्बर से 11 दिसम्बर, 2026 तक निर्धारित प्रारूपों में दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत की जा सकती हैं। इसके लिए नाम सम्मिलित कराने हेतु फार्म-6, नाम हटाने के लिए फार्म-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन के लिए फार्म-8 का उपयोग किया जाएगा।

 

उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के दौरान मतदाता सूची में एक ही मतदाता का नाम एक ही बूथ पर अथवा एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में दर्ज होने की स्थिति में ऐसी अतिरिक्त प्रविष्टियों को चिन्हित किया जाएगा। नियमानुसार फार्म-7 के माध्यम से आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए अतिरिक्त प्रविष्टियों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 17 एवं 18 के प्रावधानों के अनुसार कोई भी व्यक्ति एक से अधिक निर्वाचन क्षेत्रों में अथवा किसी निर्वाचन क्षेत्र में एक से अधिक बार मतदाता के रूप में पंजीकृत होने का पात्र नहीं है।

 

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे वर्तमान मतदाता सूची में अपना तथा अपने परिवार के सभी अर्ह सदस्यों का नाम, पता, आयु एवं अन्य विवरण भली-भांति जांच लें। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या अशुद्धि पाई जाती है तो निर्धारित अवधि के भीतर फार्म-8 भरकर अपने संबंधित बीएलओ के पास जमा करें। इसी प्रकार यदि किसी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है तो वह फार्म-6 के माध्यम से अपना नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकता है।

 

उन्होंने यह भी अपील की कि मतदाता सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित होने वाली किसी भी अफवाह अथवा भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से ही प्राप्त करें।

 

डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि 12 नवम्बर, 2026 को प्रकाशित ड्राफ्ट मतदाता सूची सभी जिला निर्वाचन कार्यालयों, उप जिलाधिकारी कार्यालयों, तहसील कार्यालयों तथा संबंधित बीएलओ के पास उपलब्ध है। इसके अतिरिक्त मतदाता भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट https://voters.eci.gov.in/ तथा मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड की वेबसाइट https://ceo.uk.gov.in/ पर भी ऑनलाइन मतदाता सूची में अपना नाम एवं विवरण देख सकते हैं।

Ad Ad

The True Fact

Author Message

अगर आपको हमारी ख़बरे अच्छी लगती हैं तो किर्पया हमारी खबरों को जरूर शेयर करें, यदि आप अपना कोई लेख या कोई कविता हमरे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे WhatsApp ग्रुप या हमें ई मेल सन्देश भेजकर साझा कर सकते हैं. धन्यवाद

E-Mail: thetruefact20@gmail.com

 

AUTHOR

Author: Pawan Rawat
Website: www.thetruefact.com
Email: thetruefact20@gmail.com
Phone: +91 98970 24402

To Top