DEHRADUN NEWS

बिग ब्रेकिंग:- मुख्यमंत्री धामी ने लखनऊ में UP के सीएम योगी आदित्यनाथ से की भेंट, लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर हुई चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की भेंट, लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान पर हुई चर्चा

 

सिंचाई विभाग से जुड़ी परिसंपत्तियों के निस्तारण तथा बनबसा बैराज, नगरा बाईपास नहर एवं पुराने पुलों की मरम्मत और सुदृढ़ीकरण पर विशेष जोर

 

दोनों राज्यों के बीच आपसी समन्वय से परिसंपत्ति संबंधी अनेक महत्वपूर्ण प्रकरणों का हो चुका है समाधान

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को लखनऊ में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश के मध्य सिंचाई विभाग सहित विभिन्न विभागों से संबंधित लंबित परिसंपत्ति विवादों के समाधान तथा पूर्व में लिए गए निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

 

भेंट के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने विशेष रूप से बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा झनकैया पुल एवं सूखा पुल सहित सिंचाई विभाग के अंतर्गत आने वाले पुराने एवं जर्जर पुलों की मरम्मत, सुदृढ़ीकरण और आवश्यकतानुसार पुनर्निर्माण का विषय उठाया। उन्होंने इन कार्यों को जनहित की दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

 

मुख्यमंत्री ने कहा कि बनबसा बैराज एवं नगरा बाईपास नहर की मरम्मत तथा संबंधित पुलों का सुदृढ़ीकरण स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक है। उन्होंने कहा कि इन कार्यों के शीघ्र क्रियान्वयन से स्थानीय लोगों एवं किसानों को लाभ मिलेगा। इसके लिए दोनों राज्यों के संबंधित विभागों के बीच प्रभावी समन्वय बनाए रखना जरूरी है।

 

इस दौरान दोनों राज्यों के बीच सिंचाई विभाग के अतिरिक्त अन्य विभागों से संबंधित परिसंपत्तियों के बंटवारे, हस्तांतरण एवं लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर भी विचार-विमर्श किया गया। पूर्व में विभिन्न स्तरों पर बनी सहमति के अनुरूप अब तक हुई प्रगति की चर्चा करते हुए शेष मामलों के समयबद्ध समाधान तथा संबंधित निर्णयों के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया गया।

 

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखण्ड एवं उत्तर प्रदेश के बीच आपसी सहयोग, सकारात्मक संवाद और निरंतर समन्वय से परिसंपत्तियों के बंटवारे से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण मामलों का समाधान हुआ है। दोनों राज्यों के बीच पूर्व में बनी सहमति के आधार पर कई प्रकरणों में आवश्यक कार्यवाही पूरी की जा चुकी है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि शेष लंबित विषयों का भी आपसी सहमति एवं सहयोग से शीघ्र समाधान होगा।

 

मुख्यमंत्री धामी ने परिसंपत्तियों से जुड़े विभिन्न मामलों के समाधान में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिए जा रहे सहयोग के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि दोनों राज्यों के बीच बेहतर समन्वय से जनहित से जुड़े विषयों का समाधान सुनिश्चित करने के प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।

Ad Ad

The True Fact

Author Message

अगर आपको हमारी ख़बरे अच्छी लगती हैं तो किर्पया हमारी खबरों को जरूर शेयर करें, यदि आप अपना कोई लेख या कोई कविता हमरे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे WhatsApp ग्रुप या हमें ई मेल सन्देश भेजकर साझा कर सकते हैं. धन्यवाद

E-Mail: thetruefact20@gmail.com

 

AUTHOR

Author: Pawan Rawat
Website: www.thetruefact.com
Email: thetruefact20@gmail.com
Phone: +91 98970 24402

To Top