DEHRADUN NEWS

बिग ब्रेकिंग:- राज्य कैबिनेट की बैठक में हुआ बड़ा फैसला, उत्तराखंड में भवन निर्माण मानक और भू-उपयोग शुल्क हुए आसान

घर-व्यावसायिक भवन तैयार करना हो या अपनी जमीन का भू उपयोग बदलना हो, अब इससे जुड़ी सरकारी प्रक्रिया पहले के मुकाबले आसान होगी। अब राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि मानकों के शिथिलीकरण के प्राधिकरण, विभाग के मंत्री व कैबिनेट स्तर पर निर्णय लिए जाएंगे।

 

वहीं जमीन के भू-उपयोग शुल्क में भी राहत का फैसला लिया गया है। कैबिनेट के इन फैसलों का सीधा असर भवन बनाने वाले आमजन, भू स्वामियों और बिल्डर्स पर पड़ेगा।

 

भवन के इस्तेमाल के हिसाब से मिलेगी नियमों में छूट

 

कैबिनेट ने भवन निर्माण एवं विकास उपविधि-2011 के मानकों में शिथिलीकरण देने के लिए नए स्तर तय करने को मंजूरी दी। अब भवन किस काम के लिए बनाया जा रहा है और भूखंड का क्षेत्रफल कितना है, इसके आधार पर छूट देने का स्तर निर्धारित होगा।

 

पर्वतीय और मैदानी क्षेत्रों की अलग-अलग परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाएगा। इसका फायदा यह होगा कि भवन निर्माण से जुड़े छोटे-बड़े मामलों में एक ही स्तर पर मंजूरी के लिए इंतजार नहीं करना पड़ेगा।

 

काम की प्रकृति के अनुसार सक्षम अधिकारी स्तर पर ही प्रकरणों का निस्तारण हो सकेगा। इससे नक्शा पास कराने और निर्माण संबंधी स्वीकृतियों की प्रक्रिया सुगम और समयबद्ध बनाने में मदद मिलेगी।

 

कैबिनेट ने महायोजना में जमीन का भू-उपयोग बदलने की फीस घटाने का फैसला लिया है, यानी जिस व्यक्ति के पास कृषि भूमि है और वह उस पर मकान बनाना या व्यावसायिक गतिविधि शुरू करना चाहता है, उसे भू-उपयोग बदलने के लिए अब पहले से काफी कम शुल्क देना होगा।

 

दरअसल, छह अक्तूबर 2021 के शासनादेश में कृषि भूमि को आवासीय या व्यावसायिक उपयोग में बदलने के लिए सर्किल रेट का महज 15 प्रतिशत शुल्क निर्धारित था। अगस्त 2025 में इसे बढ़ाकर आवासीय उपयोग के लिए सर्किल रेट के बराबर और व्यावसायिक उपयोग के लिए 1.5 गुना कर दिया गया था।

 

अब कैबिनेट ने फिर से 2021 की दरें लागू करने को मंजूरी दी है। इससे जमीन मालिकों को बड़ी राहत मिलेगी। सरकार का मानना है कि शुल्क कम होने से लोग वैधानिक अनुमति लेकर निर्माण करेंगे और अवैध प्लाटिंग पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।

Ad Ad

The True Fact

Author Message

अगर आपको हमारी ख़बरे अच्छी लगती हैं तो किर्पया हमारी खबरों को जरूर शेयर करें, यदि आप अपना कोई लेख या कोई कविता हमरे साथ साझा करना चाहते हैं तो आप हमें हमारे WhatsApp ग्रुप या हमें ई मेल सन्देश भेजकर साझा कर सकते हैं. धन्यवाद

E-Mail: thetruefact20@gmail.com

 

AUTHOR

Author: Pawan Rawat
Website: www.thetruefact.com
Email: thetruefact20@gmail.com
Phone: +91 98970 24402

To Top