रिटायर्ड फौजी को क्रिप्टो में निवेश का झांसा देकर साइबर ठगों ने 69.25 लाख रुपये ठग लिए। युवती ने फेसबुक पर दोस्ती कर फौजी को फंसाया, फिर गिरोह के अन्य सदस्य उन्हें दो माह तक ठगते रहे। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में शिकायत दी।
पुलिस को दी शिकायत में सुनील कुमार निवासी रायपुर ने बताया कि वह कुछ समय पूर्व ही सेना से सेवानिवृत्त हुए। आठ फरवरी को सानिया सेठी नामक युवती ने उन्हें फेसबुक पर दोस्ती का प्रस्ताव भेजा, जो उन्होंने स्वीकार कर लिया।
युवती ने खुद को बेंगलुरु निवासी बताया और कंपाउंड ट्रेडिंग नाम के ग्रुप में निवेश का झांसा दिया। इसके बाद युवती ने अनीश नामक व्यक्ति से संपर्क कराया।
अनीश ने वाट्सएप काल कर क्रिप्टो निवेश के माध्यम से मुनाफे का झांसा देते हुए कंपाउंडिंग ट्रेडिंग से मुनाफा कमा रहे लोगों से बातचीत कराई।
पीड़ित ने बताया कि अनीश ने उन्हें एक लिंक भेजा, जिसकी मदद से उनका अकाउंट खुलवाया गया। 13 फरवरी को उनसे 10 हजार रुपये का निवेश कराया।
आरोपितों ने उनसे 24 अप्रैल तक विभिन्न खातों में 69.25 लाख रुपये जमा कराए। जब उन्होंने धनराशि निकालने का प्रयास किया, तो उनसे विभिन्न प्रकार के टैक्स के नाम पर और धनराशि की मांग की। शक होने पर उन्होंने आरोपितों से बात करने का प्रयास किया तो संपर्क नहीं हो पाया।
पीड़ित ने बताया कि जब उन्होंने निवेश करना शुरू किया तो उन्हें 30 प्रतिशत का मुनाफा बताया गया। लगातार निवेश करने पर उन्हें लाखों रुपये का मुनाफा दिखाया गया, लेकिन यह केवल प्रलोभन था, ताकि वह अधिक से अधिक निवेश करते रहे। उन्होंने जिंदगीभर की रकम निवेश में लगा दी।




